पुत्तूर (कर्नाटक), आठ जुलाई (भाषा) कर्नाटक में दो नाबालिगों को परेशान करने और सांप्रदायिक टिप्पणियां करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दक्षिण कन्नड़ पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुत्तूर शहर की पुलिस ने एक बयान में बताया कि शनिवार पांच जुलाई की दोपहर को शिकायतकर्ता का बेटा अपनी एक परिचित लड़की के साथ पुत्तूर कसाबा गांव में बीरमाले हिल के पास बैठा था। बयान के अनुसार, इसी बीच दो अज्ञात लोग वहां आए, उन्होंने नाबालिगों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, उनका वीडियो रिकॉर्ड करने एवं उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी दी तथा लड़के के दूसरे धर्म से संबंधित होने को लेकर सांप्रदायिक टिप्पणियां कीं।
पुलिस के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वहां अन्य लोगों को एकत्र किया और नाबालिग लड़के का सार्वजनिक रूप से अपमान किया, घटना को फिल्माया और बाद में व्हाट्सऐप एवं इंस्टाग्राम पर इसे साझा किया।
जांच के बाद दो आरोपियों पुरुषोत्तम (43) और रामचंद्र (38) को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने जनता और मीडिया से आग्रह किया कि वह मामले से संबंधित कोई भी जानकारी साझा करते समय किशोर न्याय अधिनियम का सख्ती से पालन करें क्योंकि दोनों पीड़ित नाबालिग हैं।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा