सियोल, 12 जुलाई (एपी) रूस के विदेश मंत्री ने शनिवार को अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान को उत्तर कोरिया को निशाना बनाकर सुरक्षा साझेदारी करने के खिलाफ चेताया। वह दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य व अन्य सहयोग को और मजबूत करने पर बातचीत करने के लिए उत्तर कोरिया के दौरे पर थे।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव शुक्रवार को अपनी उत्तर कोरियाई समकक्ष चोई सोन हुई के साथ बैठक के लिए उत्तर कोरिया के पूर्वी वोनसान शहर पहुंचे थे।
हाल के वर्षों में रूस और उत्तर कोरिया के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। उत्तर कोरिया सैन्य और आर्थिक मदद के बदले में यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में सहायता के लिए सैनिकों और गोला-बारूद की आपूर्ति करता रहा है। इससे दक्षिण कोरिया, अमेरिका और अन्य देशों में यह चिंता बढ़ गई है कि रूस उत्तर कोरिया को संवेदनशील तकनीक भी हस्तांतरित कर सकता है जिससे उसके परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों से जुड़ा खतरा बढ़ सकता है।
शनिवार को चोई के साथ बैठक के बाद लावरोव ने अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान पर उत्तर कोरिया के आसपास सैन्य तैनाती का आरोप लगाया।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम इन संबंधों का इस्तेमाल उत्तर कोरिया और निश्चित रूप से रूस सहित किसी के भी खिलाफ गठबंधन बनाने के लिए करने के खिलाफ चेतावनी देते हैं।’’
उत्तर कोरिया के बढ़ते परमाणु कार्यक्रम के जवाब में अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान अपने त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यासों का विस्तार या पुनर्बहाली कर रहे हैं। तीनों देशों ने शुक्रवार को कोरियाई प्रायद्वीप के पास अमेरिकी परमाणु-सक्षम बमवर्षकों के साथ एक संयुक्त हवाई अभ्यास किया।
इन तीनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने सियोल में बैठक की और उत्तर कोरिया से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली सभी गैरकानूनी गतिविधियां बंद करने का आग्रह किया।
उत्तर कोरिया अमेरिका के नेतृत्व वाले प्रमुख सैन्य अभ्यासों को हमले का पूर्वाभ्यास मानता है। लंबे समय से यह तर्क दिया जाता रहा है कि अमेरिकी सैन्य खतरों से बचाव के लिए उसे परमाणु हथियार विकसित करने पर मजबूर होना पड़ा है।
लावरोव ने कहा कि रूस, उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार हासिल करने के फैसले को समझता है।
तास के अनुसार, लावरोव ने कहा, “उत्तर कोरिया द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली तकनीकें उसके अपने वैज्ञानिकों के काम का नतीजा हैं। हम उत्तर कोरिया की आकांक्षाओं का सम्मान करते हैं और उन कारणों को समझते हैं जिनकी वजह से वह परमाणु विकास के लिए प्रयासरत है।”
बैठक के दौरान चोई ने दोहराया कि उत्तर कोरिया यूक्रेन के खिलाफ रूस की लड़ाई का ‘बिना शर्त’ समर्थन करता है। उन्होंने उत्तर कोरिया और रूस के संबंधों को ‘अजेय गठबंधन’ करार दिया। वहीं लावरोव ने रूस के कुर्स्क सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी घुसपैठ को विफल करने के प्रयासों में उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा किए गए योगदान के लिए रूस की ओर से आभार दोहराया।
बैठक स्थल वोनसान शहर वह स्थान है जहां उत्तर कोरिया ने हाल ही में एक विशाल समुद्र तटीय रिसॉर्ट खोला है, जिसके बारे में उसका कहना है कि इसमें लगभग 20,000 लोग रह सकते हैं।
चोई के साथ अपनी बैठक की शुरुआत में अपनी टिप्पणी में, लावरोव ने कहा कि “मुझे यकीन है कि रूसी पर्यटक यहां आने के लिए और भी उत्सुक होंगे। रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, हम इसे सुविधाजनक बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, इसके लिए उपयुक्त परिस्थितियां तैयार करेंगे, जिसमें हवाई यात्रा भी शामिल है।”
एपी प्रशांत माधव
माधव