26.1 C
Jaipur
Tuesday, July 15, 2025

गैंगस्टर प्रसाद पुजारी से मुंबई जेल में दो गुटों के बीच झगड़े के दौरान मारपीट

Newsगैंगस्टर प्रसाद पुजारी से मुंबई जेल में दो गुटों के बीच झगड़े के दौरान मारपीट

मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) गैंगस्टर प्रसाद पुजारी से मुंबई में आर्थर रोड जेल के भीतर कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प के दौरान कथित तौर पर मारपीट की गयी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। यह झड़प पिछले सप्ताह केंद्रीय कारागार में हुई थी।

इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि गैंगस्टर सुरेश पुजारी के साथ जेल में मारपीट की गई।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने झड़प में शामिल प्रसाद पुजारी समेत सात लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना छह जुलाई को उस समय हुई जब एक बैरक में एक कैदी ने अपने पैर फैला रखे थे और उसी दौरान एक अन्य गुट का एक कैदी उस रास्ते से गुजर रहा था।

उन्होंने बताया कि पैर फैलाने पर वहां से गुजरने में दिक्कत होने पर कैदी ने आपत्ति जतायी, जिसके बाद पैर फैलाकर बैठे कैदी ने उससे गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

इसी बैरक में बंद प्रसाद पुजारी और उसके कुछ साथी भी इस झगड़े में शामिल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि चार कैदियों ने प्रसाद पुजारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की।

उन्होंने बताया कि पुजारी ने लड़ाई में बीच-बचाव की कोशिश की थी लेकिन दूसरे समूह के कैदियों ने उसकी पिटायी कर दी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद गैंगस्टर और उसके साथियों ने भी दूसरे समूह के कैदियों की पिटायी की।

अधिकारी ने बताया कि झगड़ा शुरू होने के कुछ ही देर बाद जेल प्राधिकारियों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को काबू में किया।

उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर एन एम जोशी मार्ग पुलिस थाने में सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 (2) (झगड़ा करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि अन्य छह आरोपियों की पहचान लोकेंद्र रावत, मुकेश निषाद, अय्यूब शेख, इरफान खान, शोएब खान और सिद्धेश भोसले के रूप में हुई है।

गैंगस्टर प्रसाद पुजारी छोटा राजन गिरोह से जुड़ा था। उसे पड़ोसी देश चीन में 20 साल बिताने के बाद पिछले साल भारतीय जांच एजेंसियां उसे वहां से लेकर आयी थीं।

अधिकारी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ चीन में ही रह रहा था।

उन्होंने बताया कि वापस लाए जाने के बाद मुंबई पुलिस के जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ ने उसे हिरासत में ले लिया था।

प्रसाद पुजारी ने शुरुआत में कुमार पिल्लई के गिरोह के साथ काम किया और बाद में छोटा राजन गिरोह में शामिल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ मुंबई में पहले भी गंभीर अपराधों के आठ मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और जबरन वसूली के आरोप शामिल हैं।

भाषा नोमान नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles