30.7 C
Jaipur
Monday, July 21, 2025

तृणमूल कांग्रेस कोलकाता में आज शहीद दिवस रैली का आयोजन करेगी

Newsतृणमूल कांग्रेस कोलकाता में आज शहीद दिवस रैली का आयोजन करेगी

कोलकाता, 21 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस आज यानी सोमवार को कोलकाता में अपनी वार्षिक शहीद दिवस रैली का आयोजन करेगी।

इस रैली में पार्टी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में बांग्ला भाषी प्रवासी कामगारों के कथित उत्पीड़न को लेकर पार्टी पर हमला बोल सकती हैं।

राज्य भर से लाखों तृणमूल कांग्रेस समर्थक इस रैली के लिए कोलकाता में पहुंच चुके हैं।

तृणमूल कांग्रेस हर साल 21 जुलाई को शहीद दिवस रैली आयोजित करती है। पार्टी 1993 में पुलिस गोलीबारी में 13 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मारे जाने की याद में शहीद दिवस मनाती है। यह पार्टी का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन बन गया है।

इस साल की रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

बनर्जी इस रैली में भाजपा पर ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर भाषा के आधार पर भेदभाव’’ और ‘‘गरीबी का अपराधीकरण’’ करने का आरोप लगाते हुए निशाना साध सकती हैं।

इस बीच, भाजपा ने इन आरोपों को राजनीतिक दिखावा बताते हुए खारिज कर दिया है और प्रवासी कामगारों के दस्तावेजों एवं घुसपैठ को लेकर मची अफरा-तफरी के लिए तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के साथ सभी की निगाहें बनर्जी के भाषण पर टिकी होंगी, जिससे 2026 के राज्य के चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के प्रचार अभियान की दिशा तय होने की उम्मीद है।

बनर्जी के अलावा तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी रैली के मुख्य वक्ता होंगे।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles