25.2 C
Jaipur
Wednesday, July 30, 2025

जन-जन तक पहुंचे मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां, ‘बूथ’ स्तर तक संवाद करें : योगी आदित्यनाथ

Newsजन-जन तक पहुंचे मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां, ‘बूथ’ स्तर तक संवाद करें : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व वाली केन्द्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए ‘बूथ’ स्‍तर तक संवाद करने की अपेक्षा की है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यहां आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ थीम पर हुई इस कार्यशाला की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुई।

योगी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में प्रभावशाली नेतृत्व प्राप्त होना ‘‘हम सभी का सौभाग्य है।’’

उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘बूथ’ स्तर पर संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि मोदी सरकार की 11 साल उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाना ‘हम सब की जिम्मेदारी है।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं तथा उन्हें प्रदेश, जनपद, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की रूपरेखा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को हर ‘बूथ’ तक पहुंचाया था।

उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर प्रचारित करने का समय है, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले किसी परिवार में बीमारी संकट बन जाती थी, लेकिन आज देश के 50 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छह एम्स स्थापित किए और मोदी सरकार ने 22 नए एम्स बनाए, जिनमें उत्तर प्रदेश में दो एम्स शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की परिकल्पना ने सुदूर क्षेत्रों जैसे महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, और मिर्जापुर में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए, जो रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को गर्व के साथ प्रचारित करने को कहा, ताकि विरोधियों के दुष्प्रचार का जवाब दिया जा सके।

उन्होंने हर घर नल योजना, उज्ज्वला योजना, और प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनाई और कार्यकर्ताओं को उसे जन जन तक बताने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरुद्धार और महाकुंभ जैसे आयोजन उत्तर प्रदेश की छवि को बदल रहे हैं तथा मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अयोध्या को गौरव प्रदान किया।

बयान के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि कि 2014 के पहले आवास, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे लोगों तक आज कैसे सुविधाएं पहुंच रही है, इसके बारे में आमजन को बताना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है, गांव, गरीब, किसान महिला सभी के लिए योजनाएं चल रही हैं, उसके बारे में लोगों को बताना जरूरी है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाषा आनन्द

राजकुमार

राजकुमार

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles