नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यमुना सफाई के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी के बीच जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया।
सूद ने यमुना संसद द्वारा बृहस्पतिवार को आयोजित ‘यमुनोत्सव’ कार्यक्रम में कहा कि यमुना सफाई का संदेश विद्यालयों और कॉलेज परिसरों में पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने बयान में कहा, “यमुना सफाई का लक्ष्य तभी संभव होगा जब युवा छात्रों को शिक्षा के माध्यम से इसके बारे में जागरूक किया जाएगा।”
दिल्ली के जल मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना के डूब क्षेत्र का संरक्षण और सौंदर्यीकरण अपनी संस्कृति को पोषित करने जैसा है, क्योंकि यह लोगों की आस्था और परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि यमुना का पुनरुद्धार और संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि दिल्ली के हर नागरिक का कर्तव्य है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और विधायक राज कुमार भाटिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
सचदेवा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य यमुना सफाई के मकसद को एक सामाजिक आंदोलन में बदलना है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को योगदान देना चाहिए।
बयान में बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देशय यमुना से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करना था, जिसमें प्रदूषण, नदी तट विकास और नदी की सफाई के लिए जन भागीदारी की आवश्यकता है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव