26.7 C
Jaipur
Wednesday, August 20, 2025

उप्र: भाजपा ने ‘विजन 2047’ पर चर्चा की सराहना की, विपक्ष ने इसे ध्यान भटकाने वाला बताया

Newsउप्र: भाजपा ने ‘विजन 2047’ पर चर्चा की सराहना की, विपक्ष ने इसे ध्यान भटकाने वाला बताया

(फोटो के साथ)

लखनऊ, 14 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में राज्य के ‘विजन 2047’ दस्तावेज पर चर्चा के लिए आयोजित 24 घंटे के विशेष सत्र के दौरान जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों के नेताओं ने इसे समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया, वहीं विपक्ष ने इसे जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताया।

बुधवार को शुरू हुई लंबी चर्चा बृहस्पतिवारर सुबह भी जारी रही। कुछ विधायकों ने विधानसभा भवन के बाहर ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में विशेष सत्र पर अपने विचार साझा किए।

समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि ‘विजन 2047’ पहल एक अच्छी शुरुआत तो है, लेकिन राज्य का भविष्य तय करने के लिए 24 घंटे की चर्चा नाकाफी है।

उन्होंने तर्क दिया कि सभी 403 विधायकों को बोलने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सरकार के दावों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों का मनोबल पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।

कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने इस बात पर निराशा व्यक्त की कि सत्तारूढ़ दल के भाषणों में या तो पिछली सरकारों की आलोचना की गई या वर्तमान उपलब्धियों का बखान किया गया, जबकि भविष्य के लिए कोई ठोस खाका प्रस्तुत नहीं किया गया।

सपा विधायक संग्राम सिंह ने सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और प्रयागराज में बाढ़ प्रबंधन जैसे तात्कालिक मुद्दों से बचने का आरोप लगाया और कहा कि सत्र का उद्देश्य जनता का ध्यान भटकाना था।

सपा विधायक आरके वर्मा ने दावा किया कि मंत्रियों को ‘विजन दस्तावेज’ की वास्तविक समझ नहीं है और वे केवल लिखित सामग्री पर निर्भर हैं।

पार्टी सहयोगी तेज प्रताप यादव ने कहा कि सरकार अपने 2017 और 2022 के घोषणापत्रों के वादों को पूरा करने में विफल रही है और अब ‘विजन 2047’ को आगामी चुनाव से पहले एक राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

भाजपा नेता और मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर ने विपक्ष की भागीदारी का स्वागत किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ऐसी चर्चा शुरू करने का श्रेय दिया जिससे राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण विचार सामने आएंगे।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख और राज्य मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सभी 75 जिलों में अटल आवासीय विद्यालयों का विस्तार और 2047 तक गांवों से शहरों की ओर पलायन को रोकने जैसे लक्ष्यों पर प्रकाश डाला।

भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश की प्रगति आवश्यक है। उन्होंने व्यापक विकास पर विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए सत्र की प्रशंसा की।

मंत्री अनिल राजभर ने इस चर्चा को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि इसने भविष्य के लिए विस्तृत विभागीय खाका प्रदान किया।

सत्र के दौरान सपा विधायक पूजा पाल ने अपनी लंबित शिकायतों के समाधान और अतीक अहमद जैसे माफिया तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का हवाला देते हुए अपराध के प्रति मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की ‘‘जीरो टॉलरेंस’’ (बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की) नीति के लिए उनका धन्यवाद किया।

भाषा जफर वैभव सुरभि

सुरभि

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles