नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस के 18 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस पर पदक से सम्मानित किया जाएगा। अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, तीन अधिकारियों को ‘विशिष्ट सेवा’ के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा, जबकि 15 अन्य को ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से नवाजा जाएगा।
विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित होने वालों में विशेष पुलिस आयुक्त (आर्थिक अपराध शाखा) गरिमा भटनागर, चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. सागर प्रीत हुड्डा और उप-निरीक्षक (कार्यकारी) सतेंद्र यादव शामिल हैं।
साल 1994 बैच की ‘एजीएमयूटी’ कैडर की अधिकारी, भटनागर ने कई अहम पदों पर कार्य किया है और जांच एवं अन्य पुलिसिंग क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी-संचालित सुधारों का नेतृत्व किया है। उन्हें संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रभाग में अपने कार्यकाल के दौरान उनके योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया।
साल 1997 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी हुड्डा दिल्ली, चंडीगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में प्रमुख पदों पर रह चुके हैं।
उत्कृष्ट सेवा के लिए जिन 15 कर्मियों को पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें पुलिस उपायुक्त अन्येश रॉय, सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वीरेंद्र सिंह सजवान (सेवानिवृत्त), विजय कुमार वत्स, सूरज भान, गुरकीरत सिंह कोहली और सपना गेदाम शामिल हैं। इसके अलावा, इस सूची में निरीक्षक, उप-निरीक्षक, सहायक उप-निरीक्षक और अन्य रैंक के अधिकारी भी सम्मिलित हैं।
भाषा
नोमान अविनाश
अविनाश
अविनाश