मुंबई, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई में सोमवार को छह से आठ घंटे की अवधि में 177 मिलीमीटर बारिश हुई। उन्होंने नागरिकों से सभी एहतियात बरतने को कहा क्योंकि दिन में और अधिक बारिश होने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुंबई महानगर में 14 स्थानों पर जलभराव देखा गया है।
उन्होंने कहा कि उपनगरीय ट्रेन सेवाएं थोड़ी विलंबित हैं, लेकिन सुचारु रूप से चल रही हैं, जबकि इतनी भारी बारिश के बावजूद मेट्रो रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं और सामान्य रूप से चालू हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दफ्तरों को निर्देश दिया गया है कि वे कर्मचारियों को शाम चार बजे के बाद घर जाने की अनुमति दें। शाम 6:30 बजे के बाद 3 से 4 मीटर तक के ज्वार (हाई टाइड) की आशंका है। मंगलवार को स्कूल बंद करने का निर्णय उचित समय पर लिया जाएगा। नागरिकों से अनुरोध है कि वे बिना आवश्यक कारण के घर से बाहर न निकलें।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर में लगभग 4 लाख हेक्टेयर में फसलें प्रभावित हुई हैं और जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों से संबंधित निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। फडणवीस ने कहा कि कर्नाटक राज्य से अलमट्टी बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर बातचीत जारी है।
इस बीच, मुंबई उपनगरीय जिले के प्रभारी मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आपदा प्रबंधन इकाई के माध्यम से मुंबई महानगर की स्थिति की समीक्षा की है और वर्षा, जलभराव, विद्यालयों की स्थिति तथा सार्वजनिक परिवहन की स्थिति का जायजा लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ व्यवधानों के साथ चालू रहीं, जबकि बेस्ट को दादर और मुंबई सेंट्रल जैसे प्रमुख (रेलवे) टर्मिनल पर यात्रियों के फंसे रहने पर अतिरिक्त बस सेवाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है।’’
मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि सभी शीर्ष नागरिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
शेलार ने बताया कि शहर में लगभग 30 से 40 स्थानों पर पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गई हैं और ऐसी बाधाओं को दूर करने और यातायात को तेजी से बहाल करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण दक्षिण मुंबई के नेपियन सी रोड पर एक पेड़ पर सुरक्षा दीवार गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
शेलार ने कहा, ‘बीएमसी आयुक्त और मुंबई पुलिस आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत पड़ने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें। दोपहर के सत्र में विद्यालयों और महाविद्यालयों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।’’
उन्होंने कहा कि शहर भर में पंपिंग स्टेशन बेहतर ढंग से काम कर रहे हैं और अधिकारी इस बात की समीक्षा कर रहे हैं कि पंपों की मदद से कितना पानी कम हो रहा है।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत