19.6 C
Jaipur
Thursday, January 22, 2026

हिमाचल प्रदेश में मां की हत्या कर खेत में दफनाने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Newsहिमाचल प्रदेश में मां की हत्या कर खेत में दफनाने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

नाहन (हिमाचल प्रदेश), 19 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक व्यक्ति को अपनी मां की हत्या करने और उसे घर के पास एक खेत में दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पच्छाद उप-मंडल के अंतर्गत सराहन ग्राम पंचायत के चडेच गांव की निवासी जयमंती देवी (51) की शनिवार रात कथित तौर पर हत्या कर दी गई।

मामला तब सामने आया जब उसके बेटे पुष्प कुमार ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुष्प कुमार की बहन और इलाके के कई निवासियों ने संदेह व्यक्त किया कि उसकी मां के लापता होने में उसकी भूमिका हो सकती है क्योंकि वह अक्सर अपनी मां से झगड़ा करता था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शनिवार शाम को जब भारी बारिश हो रही थी तो किसी घरेलू बात को लेकर उसकी अपनी मां से बहस हुई और उसने उन पर किसी वस्तु से हमला कर दिया।

हमले में जयमंती देवी के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं। आरोपी ने बताया कि फिर उसने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर उसने शव को घर से लगभग 100 मीटर दूर एक खेत में दफना दिया।

इस खुलासे के बाद पुलिस ने पुष्प कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

राजगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक वीसी नेगी ने बताया कि दफनाए गए शव को सोमवार शाम को बरामद किया गया और मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

आरोपी के पिता लच्छी कुमार का दो महीने पहले ही निधन हो गया था।

इससे पहले आरोपी के खिलाफ परिवार के सदस्यों पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया था।

भाषा सुरभि गोला

गोला

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles