राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएं। नवादा में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तीसरे दिन एक रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने युवाओं से इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में राजग सरकार को उखाड़ फेंकना है। आगे जब भी लोकसभा चुनाव होगा, हम लोग राहुल गांधी जी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।’’ तेजस्वी ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी की मौजूदगी में यह टिप्पणी की। इस रैली में राहुल गांधी के साथ यादव और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता भी यात्रा में शामिल हुए।
खटारा सरकार’’ को उखाड़ फेंकना
भीड़ की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच तेजस्वी ने कहा कि, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव में हमें राज्य में राजग की 20 साल की ‘‘खटारा सरकार’’ को उखाड़ फेंकना है और आगे जब भी लोकसभा चुनाव होगा हम लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।’’ खुले वाहन के ऊपर हाथ में माइक लिए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नए बिहार के लिए हमारे पास नजरिया है।’’
हमारे चाचा अचेत अवस्था में
इस वाहन में राहुल गांधी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी और कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रमुख राजेश कुमार भी मौजूद थे। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमारे चाचा (नीतीश कुमार) अब अचेत अवस्था में हैं और उनसे अब बिहार संभल नहीं रहा है।
उनकी सरकार नकलची
उनकी सरकार नकलची बन गई है। मैंने मुफ्त बिजली, अधिवास नीति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी और युवा आयोग की स्थापना का वादा किया था।’’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘‘राज्य सरकार ने इन्हें नई योजनाओं के रूप में पेश किया। वह राज्य की बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई सुविधाओं और जवाबदेही की जरूरतों से बेखबर रही है।
निर्वाचन आयोग के साथ सांठगांठ
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, ‘‘उन्होंने बिहार के लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने के लिए निर्वाचन आयोग के साथ सांठगांठ की है।’’ कई जीवित लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। तेजस्वी ने दावा किया कि भाजपा के लोग निर्वाचन आयोग से मिलकर गरीबों के वोट का अधिकार छीन रहे हैं। बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) लोगों के मताधिकार को छीनने की एक कवायद है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एसआईआर वोट की डकैती है और हम ऐसा नहीं होने देंगे। यह बिहार में मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की सत्तारूढ़ सरकार की साजिश है।’’ ‘‘निर्वाचन आयोग और भाजपा के लोग समझते हैं कि बिहार के लोगों को चूना लगा देंगे। लेकिन मोदी जी भी जानते हैं कि हम बिहार लोग चूना को खैनी में रगड़ देते हैं।’’ उन्होंने ने कहा, ‘‘अब बिहार को तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ना है, विकास करना है। हम लोग नौजवान हैं, हमारे पास नजरिया है।’’ सत्ता में आने पर वह सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे और बिहार का मान-सम्मान बढ़ाएंगे।