उत्तर प्रदेश। जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। यहां 75 वर्षीय संगरू राम ने अपनी उम्र से आधी उम्र की महिला से दूसरी शादी की, लेकिन सुहागरात के ठीक बाद उनकी मौत हो गई। अब इस अप्रत्याशित घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है, और मामला धीरे-धीरे संदेह के घेरे में आता जा रहा है।
75 साल की उम्र में रचाई दूसरी शादी
संगरू राम की पहली पत्नी का निधन करीब एक साल पहले हो गया था। संतान न होने के कारण वह अकेले ही खेती-बारी कर रहे थे। परिवार और रिश्तेदारों की सलाह के बावजूद उन्होंने दूसरी शादी करने का फैसला लिया। 29 सितंबर को उन्होंने जलालपुर क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय मनभावती से पहले कोर्ट मैरिज की, फिर मंदिर में सात फेरे लिए।जलालपुर क्षेत्र की रहने वाली मनभावती के अनुसार, संगरू राम ने शादी से पहले उनसे कहा था, “तुम मेरा घर संभाल लेना, बच्चों की जिम्मेदारी मैं उठाऊंगा।” दोनों ने पूरे रीति-रिवाज़ से विवाह संपन्न किया।
सुहागरात ही बन गई मौत की रात
शादी के बाद पहली ही रात को दोनों पति-पत्नी देर तक बातें करते रहे। लेकिन सुबह जब परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद दरवाजा खोला गया, तब तक संगरू राम की तबीयत बिगड़ चुकी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनभावती के लिए यह पल शादी की खुशी से सीधे मातम में बदल गया।
भतीजों ने रोका अंतिम संस्कार, जांच की मांग
घटना के बाद नया मोड़ तब आया जब संगरू राम के दिल्ली में रहने वाले भतीजों को इसकी सूचना दी गई। वे गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार रोक दिया। उनका कहना है कि, “हमारी गैरमौजूदगी में चिता नहीं जलेगी, पहले मामले की जांच होनी चाहिए।” भतीजों ने संगरू राम की मौत को संदिग्ध बताया है और पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। हालांकि, अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत नहीं की गई है।
गांव में फैली दहशत और चर्चाएं
इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। चौपालों से लेकर खेतों तक लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि क्या यह किस्मत का खेल था या कोई साजिश? कुछ लोग इसे स्वाभाविक मौत मान रहे हैं, वहीं कुछ का कहना है कि इतनी कम उम्र की महिला से शादी के पीछे कुछ और वजहें भी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव 2025: नीतीश की पार्टी को झटका! तेजस्वी को मिलेगा फायदा? ओपिनियन पोल में चौंकाने वाले आंकड़े!