28.7 C
Jaipur
Thursday, November 6, 2025

Anta By-Election : भाजपा का मेगा रोड शो! आज सीएम भजनलाल और वसुंधरा एक मंच पर – क्या बदल जाएगा समीकरण?

OP-EDAnta By-Election : भाजपा का मेगा रोड शो! आज सीएम भजनलाल और वसुंधरा एक मंच पर – क्या बदल जाएगा समीकरण?

Anta By-Election : राजस्थान की एकमात्र अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। जहां देश की नजरें बिहार विधानसभा चुनाव पर टिकी हैं, वहीं प्रदेश की निगाहें अंता पर हैं। यहां 11 नवंबर को मतदान होगा और 9 नवंबर की शाम को प्रचार थम जाएगा। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ मैदान में हैं।

सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे रोड शो

भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में पार्टी ने अब पूरा मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को अंता से मांगरोल तक रोड शो करेंगे। इस रोड शो के लिए विशेष रथ तैयार किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ रथ पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वयं मौजूद रहेंगे।

वसुंधरा ने संभाला मोर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पिछले तीन दिनों से लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, मंत्री संजय शर्मा, जोगाराम पटेल, जोराराम कुमावत, सांसद राजेंद्र गहलोत और पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह, जो चुनाव प्रभारी हैं, लगातार अंता में कैंप किए हुए हैं।

Image

पायलट-गहलोत सहित पूरी टीम मैदान में

कांग्रेस भी इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल मान रही है। पार्टी के प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में सभी वरिष्ठ नेता मैदान में हैं। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जनसंपर्क किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अंता से सीसवाली तक रोड शो किया, जबकि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सात नवंबर तक क्षेत्र में रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सात से नौ नवंबर तक अंता प्रवास प्रस्तावित है। कांग्रेस ने चुनाव पर फोकस करने के लिए अपने सभी संगठनात्मक कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए हैं।

Image

निर्दलीय नरेश मीणा बने तीसरे मोर्चे के केंद्र

इस उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा दोनों ही दलों के लिए चुनौती बनकर उभरे हैं। एसडीएम थप्पड़ प्रकरण से सुर्खियों में आए नरेश मीणा का प्रचार युवाओं में खासा असर छोड़ रहा है। वे कभी खुले वाहन में तो कभी पैदल जनसंपर्क कर रहे हैं।

अब सबकी नजरें 11 नवंबर पर

जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, अंता का माहौल और गरमाता जा रहा है। दिग्गज नेताओं की रैलियों, रोड शो और नुक्कड़ सभाओं के बीच यह उपचुनाव अब प्रदेश की राजनीति का केंद्र बन चुका है।

यह भी पढ़ें: अंता उपचुनाव में नारी शक्ति का बोलबाला, महिला नेताओं ने संभाली कमान; मिलेगी सत्ता या हो जायेगा बड़ा खेल!

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles