Anta Byelection 2025: राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं से अधिक रही। 11 नवंबर को हुए मतदान में कुल 2,28,264 मतदाताओं में से 1,83,099 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का औसत प्रतिशत 80.21% दर्ज किया गया।
पुरुष आगे
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर के अनुसार, उपचुनाव में 96,141 पुरुष, 86,955 महिलाएं और 3 अन्य मतदाताओं ने वोट डाले।
-
पुरुष मतदान प्रतिशत: 82.32%
-
महिला मतदान प्रतिशत: 78%
-
अन्य मतदाता: 75%
दिव्यांग मतदाताओं ने दिखाया उत्साह
उपचुनाव में 2,111 दिव्यांगजन मतदाताओं में से 1,929 ने वोट डाला। इनका मतदान प्रतिशत 91.38% रहा, जो अन्य वर्गों की तुलना में सबसे अधिक है।
मतगणना 14 नवंबर को, तैयारियां पूरी
अंता विधानसभा में पहली बार उपचुनाव हुआ है। 14 नवंबर (शुक्रवार) को मतगणना होगी। इसके लिए जिला परिषद सभागार में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण में 35 माइक्रो ऑब्जर्वर, 37 गणना सहायक (प्रथम), 8 गणना सहायक (द्वितीय) और गणना सुपरवाइजर शामिल रहे। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर सुनील शर्मा, धर्मेंद्र मेघवाल और लखन के निर्देशन में दिया गया। उन्हें ईवीएम और डाक मतपत्रों की गिनती की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
नतीजों का बेसब्री से इंतजार
राजस्थान की एकमात्र अंता विधानसभा सीट पर हुए इस उपचुनाव के नतीजों का पूरे राज्य को बेसब्री से इंतजार है। जिला निर्वाचन विभाग ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। अंता सीट पर कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 14 नवंबर को जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा।
यह भी पढ़ें: CBSE फिर बदलाव की राह पर! दो दशक में क्यों नहीं टिक पाया एक भी सिस्टम?

