30.3 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

बैंकॉक में उत्तर प्रदेश पर्यटन की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग की तैयारी में जुटी राज्य सरकार

Newsबैंकॉक में उत्तर प्रदेश पर्यटन की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग की तैयारी में जुटी राज्य सरकार

लखनऊ, छह जून (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने के लिए अगस्त माह में बैंकॉक में आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित पैसिफिक एशिया ट्रैवल एसोसिएशन (पाटा) 2025 में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में जुट गयी है।

राज्य सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पर्यटन विभाग आगामी 26 से 28 अगस्त तक बैंकॉक में आयोजित होने वाले पाटा 2025 में अपनी भव्य उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में जुट गया है। इस आयोजन के जरिये उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों और निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में पेश किया जाएगा। इससे प्रदेश की पर्यटन क्षमता और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

उन्होंने बताया कि पाटा बैंकॉक 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 36 वर्ग मीटर क्षेत्र में लगाए जाने वाले स्टॉल के माध्यम से राज्य की अनूठी छटा प्रदर्शित करेगा। यहां बौद्ध परिपथ जैसे सारनाथ, कुशीनगर और श्रावस्ती के साथ-साथ आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों जैसे वाराणसी, अयोध्या और महाकुंभ को प्रमुखता दी जाएगी।

राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, इस स्टॉल में एलईडी वॉल स्क्रीन और ऑटो-नेविगेशन स्क्रीन पर राज्य के पर्यटन स्थलों की जीवंत तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी। पर्यटक एआर (आग्यूमेंटेड रियलिटी) आधारित डिजिटल टच पैनल पर उत्तर प्रदेश के छह खूबसूरत स्थलों की पृष्ठभूमि में सेल्फी भी ले सकेंगे। यहां आने वाले मेहमानों को न केवल उत्तर प्रदेश की हस्तकला और ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) से परिचित कराया जाएगा, बल्कि प्रदेश के ऐतिहासिक मंदिर, उनकी वास्तुकला और महात्म्य का भी रचनात्मक प्रदर्शन होगा।

बयान के अनुसार, राज्य सरकार बैंकॉक में एक दिन के अंतरराष्ट्रीय रोडशो का आयोजन भी करेगी। इस रोडशो में ट्रैवल ट्रेडर्स, ट्रैवल मीडिया और प्रभावशाली हस्तियों सहित 100 से अधिक हितधारक हिस्सा लेंगे। अंग्रेजी में निपुण अधिकारी और स्थानीय भाषा के दुभाषिए आगंतुकों को प्रदेश की खूबियों से रूबरू कराएंगे।

पाटा बैंकॉक 2025 में प्रदेश की भागीदारी राज्य की बौद्ध, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया भर के पर्यटकों और निवेशकों तक पहुंचाएगी। यह आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि निवेश के नए अवसर भी खोलेगा। इससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

भाषा सलीम वैभव अजय

अजय

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles