29.9 C
Jaipur
Friday, July 4, 2025

असम के विभिन्न हिस्सों से कई ‘संदिग्ध नागरिकों’ को पकड़ा गया

Newsअसम के विभिन्न हिस्सों से कई ‘संदिग्ध नागरिकों’ को पकड़ा गया

गुवाहाटी, 25 मई (भाषा) असम के विभिन्न हिस्सों से कई लोगों को ‘‘संदिग्ध नागरिक’’ होने के संदेह में ‘‘पकड़ा गया’’ है और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के केंद्र के निर्देश पर चलाया जा रहा है।

असम पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘निर्देशानुसार, हमने अभियान शुरू किया है। कई लोगों को पकड़ा गया है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।’’

उन्होंने पकड़े गए लोगों की कुल संख्या जैसे विवरण साझा करने से इनकार कर दिया और कहा कि अभियान जारी है।

गुवाहाटी पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि शनिवार रात से कामरूप महानगर जिले के विभिन्न स्थानों से लगभग 150 लोगों को ‘‘पकड़ा’’ गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें रूपनगर पुलिस रिजर्व में रखा गया है और उनके कागजात की जांच की जा रही है।’’

अधिकारियों ने बताया कि कानून प्रणाली द्वारा ‘विदेशी’ घोषित किये गए कई लोग फरार हो गए हैं और फिलहाल उनका पता लगाया जा रहा है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘इसके अलावा, कई संदिग्ध विदेशी भी राज्य में रह रहे हैं। हम इस अभियान में उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

पूरा अभियान असम पुलिस सीमा संगठन की निगरानी में चलाया जा रहा है, जिसका नेतृत्व महानिरीक्षक रैंक के अधिकारी कर रहे हैं।

शनिवार को, मोरीगांव जिले में अवैध रूप से रह रहे नौ बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया था। इन सभी को विदेशी (नागरिक) न्यायाधिकरण द्वारा विदेशी नागरिक घोषित किया गया था, लेकिन वे गिरफ्तारी से बच रहे थे।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उक्त विदेशियों को उनके दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ग्वालपाड़ा में निरूद्ध केंद्र में भेजा जाएगा, जिसे अब ट्रांजिट कैंप कहा जाता है। प्रक्रिया जारी है।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles