28.6 C
Jaipur
Thursday, August 14, 2025

पंजाब की आप सरकार ने लोगों के लिए कोई सार्थक काम नहीं किया : नायब सिंह सैनी

Newsपंजाब की आप सरकार ने लोगों के लिए कोई सार्थक काम नहीं किया : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, सात जून (भाषा)हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने लोगों के कल्याण के लिए कोई सार्थक काम नहीं किया है।

सैनी ने दावा किया कि पंजाब में भगवंत मान सरकार को अब कोई जन समर्थन हासिल नहीं है। उन्होंने कहा कि 19 जून को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में लोग सही दिशा में फैसला करेंगे।

सैनी शनिवार को संगरूर में वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके घर गए थे। उन्होंने ढींढसा के बेटे और पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की।

सैनी ने संगरूर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पंजाब में आप सरकार ‘‘झूठ की नींव’’ पर बनी है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘इस सरकार ने न तो लोगों के कल्याण के लिए कोई सार्थक काम किया है और न ही इसमें काम करने की इच्छाशक्ति है। अब पंजाब के लोग इस सच्चाई को समझ चुके हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सैनी ने कहा कि मान सरकार चुनाव के दौरान लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप का पर्दाफाश हो गया है, क्योंकि ‘‘झूठ ज्यादा दिन नहीं चलता’’।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पंजाब में अब इसे कोई जनसमर्थन नहीं रहा और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में लोग सही दिशा में फैसला करेंगे।’’ भाजपा नेता ने पंजाब के अपने समकक्ष मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘नाटकबाजी’ करने के बजाय लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।

पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव 19 जून को होगा और मतों की गिनती 23 जून को होगी। लुधियाना पश्चिम सीट आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद खाली हुई है।

भाषा धीरज माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles