33.2 C
Jaipur
Monday, July 21, 2025

असम में ईद के दौरान मवेशियों का अवैध वध करने के आरोप में 16 लोग गिरफ्तार: मुख्यमंत्री

Newsअसम में ईद के दौरान मवेशियों का अवैध वध करने के आरोप में 16 लोग गिरफ्तार: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, आठ जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य में एक दिन पहले ईद के दौरान मवेशियों का ‘‘अवैध रूप से’’ वध करने के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बराक घाटी के दो जिलों- कछार में गुमराह, सिलचर एवं लखीपुर तथा करीमगंज में बदरपुर एवं बंगा में पांच अवैध वध स्थल पाए गए।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारा संविधान धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार की गारंटी देता है लेकिन यह कानून के शासन एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की बात भी समान रूप से करता है। इस ईद-उल-अजहा पर असम में कई स्थानों से मवेशियों के अवैध वध और उनके अंगों के मिलने की व्यथित करने वाली घटनाएं सामने आईं।’’

उन्होंने कहा कि कछार से नौ और श्रीभूमि से सात लोगों समेत अब तक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शर्मा ने कहा, ‘‘पांच मामलों में मवेशियों के अंग पाए गए – इन स्थानों में ‘कॉटन यूनिवर्सिटी’ (कामरूप एम), धुबरी, होजाई और श्रीभूमि (बगरगूल) के पास के इलाके शामिल हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘‘सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अराजकता या क्रूरता की कीमत पर नहीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सभी उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी – चाहे वे किसी भी धर्म या पृष्ठभूमि के हों।’’

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles