नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) अमेरिकी अधिकारियों का एक दल आने वाले हफ्तों में भारत आ सकता है, जो दोनों देशों के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते पर अगले दौर की चर्चा करेगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत और अमेरिका नौ जुलाई से पहले अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमत हो सकते हैं। अभी तक हुई बातचीत में भारत ने घरेलू वस्तुओं पर 26 प्रतिशत जवाबी शुल्क से पूरी छूट देने पर जोर दिया है।
सूत्रों में से एक ने कहा, ‘‘व्यापार वार्ता के लिए अमेरिकी दल के भारत आने की उम्मीद है। बातचीत तेज गति से आगे बढ़ रही है।’’
भारत के मुख्य वार्ताकार, वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन की अपनी चार दिवसीय यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित समझौते पर अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ बातचीत की।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी व्यापार वार्ता को गति देने के लिए पिछले सप्ताह वाशिंगटन में थे।
उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक से दो बार मुलाकात की।
अमेरिका ने दो अप्रैल को भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 26 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाया था, लेकिन बाद में इसे 90 दिन के लिए नौ जुलाई तक रोक दिया गया। हालांकि, भारतीय सामान पर अमेरिका में अब भी 10 प्रतिशत शुल्क लागू है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय