सिद्धार्थनगर (उप्र), 27 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडेय ने सोमवार को आरोप लगाया कि लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ चलाया जा रहा पोस्टर अभियान ब्राह्मणों को लुभाने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक सोची-समझी चाल है।
पांडेय ने सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में ग्रामीण पत्रकार संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘यह सरकार ब्राह्मणों की रक्षा करने में विफल रही है। राज्य में ब्राह्मणों की हत्या की गई है। उन्हें झूठे मामलों में फंसाया गया है और जेल भेजा गया है। प्रशासन पक्षपात कर रहा है और समाज के एक वर्ग के लिए ही काम करता है।’’
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर ब्राह्मणों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि ब्राह्मण समुदाय अब सत्तारूढ़ पार्टी से मोहभंग हो चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर अभियान चलाकर ब्राह्मणों को खुश करने की कोशिश कर रही है लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगी।’’
पांडेय ने कहा, ‘‘इस बार ब्राह्मण समाज भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर करके मानेगा।’’
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार