24.9 C
Jaipur
Monday, August 25, 2025

मोहन यादव ने जबलपुर में लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण किया

Newsमोहन यादव ने जबलपुर में लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण किया

जबलपुर, 27 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को जबलपुर के एक अस्पताल परिसर में स्वतंत्रता सेनानी और लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि यादव ने सेठ गोविंददास शासकीय जिला चिकित्‍सालय जबलपुर में स्‍वतंत्रता संग्राम सेनानी जवाहरलाल दर्डा की कांस्‍य प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि दर्डा ने स्‍वतंत्रता संग्राम में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया और जबलपुर से उनका गहरा नाता रहा है।

उन्होंने कहा, ‘जबलपुर में दर्डा ने स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं के विस्‍तार की दिशा में भी उल्‍लेखनीय कार्य किया और स्‍वतंत्रता संग्राम के दौरान जबलपुर से नेताजी सुभाषचंद्र बोस का भी गहरा नाता रहा है। उन्‍होंने अंग्रेजों के दम्‍भ को तोड़ा और 23 वर्ष की उम्र में तब आईसीएस की परीक्षा पास की जिस समय अंग्रेज भारतीयों के ज्ञान स्‍तर को कम आंकते थे।’

उन्होंने कहा, ‘महात्‍मा गांधी ने भी अफ्रीका से स्‍वतंत्रता की लड़ाई की शुरुआत कर एक नई दिशा दी। स्‍वतंत्रता संग्राम में कई महान विभूतियों ने अपना अमूल्य योगदान दिया।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्‍यप्रदेश के झाबुआ से चंद्रशेखर आजाद ने भी कभी अंग्रेजों की अधीनता नहीं स्‍वीकारी और उन्‍होंने स्‍वयं को जीते जी आजाद रहने का संकल्‍प पूरा किया।

उन्होंने कहा कि दर्डा ने आजादी की लड़ाई लड़ी और स्‍वतंत्रता के बाद महाराष्‍ट्र के कई मंत्रालयों में 23 वर्ष तक कई जिम्‍मेदारियों का निर्वहन कर सामाजिक सारोकार और जनहित के कई उल्‍लेखनीय कार्य किए।

यादव ने कहा कि मध्‍यप्रदेश में स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं और वर्ष 2002-03 में जहां पांच मेडिकल कॉलेज थे, वहां अब 20 साल बाद 30 मेडिकल हो गयें हैं।

उन्होंने कहा, ‘दो साल बाद 50 मेडिकल कॉलेज हो जायेंगे। मध्‍यप्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। मध्‍यप्रदेश की विकास दर 12 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। आर्थिक रूप से 2002-03 में जहां प्रति व्‍यक्ति आय 11 हजार रुपये थी, वहीं अब एक लाख 52 हजार रुपये हो गई है।’

भाषा ब्रजेन्द्र नोमान

नोमान

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles