इंदौर (मध्यप्रदेश), 29 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
उन्होंने भारत-पाक संघर्ष विराम को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि युद्ध बराबर के दुश्मन से लड़ा जाता है और एक कुत्ते से हाथी कभी युद्ध नहीं करता।
ठाकुर ने इंदौर में ‘करणी सेना भारत’ नामक संगठन की ‘‘प्रताप पराक्रम यात्रा’’ में शामिल होने के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा,‘‘पाकिस्तान के गोला-बारूद और आतंकवादी कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने जितने भी हथियार चलाए, वे हथियार भारत की सीमा के बाहर ही भस्म हो गए। वे एक आक्रमण नहीं कर पाए और भारत ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया।’’
भाजपा नेता ने भारत-पाक संघर्ष विराम के संदर्भ में पाकिस्तान पर प्रहार किया और कहा,‘‘लोगों ने कहा कि यह क्या हो गया? युद्ध क्यों बंद कर दिया? अरे, युद्ध तो बराबरी वालों से लड़ा जाता है। एक कुत्ते से हाथी कभी युद्ध नहीं करता।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रश्नवाचक चिन्ह खड़े कर रहे हैं।
ठाकुर ने कांग्रेस के इतिहास को ‘‘देशद्रोह का इतिहास’’ करार देते हुए कहा कि यह इतिहास किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा,‘‘हमारे देश की जनता चुन-चुन कर जवाब दे और कांग्रेस का सूपड़ा साफ करे।’’
भाषा हर्ष
नोमान
नोमान