30.2 C
Jaipur
Tuesday, July 8, 2025

सिक्किम सड़क दुर्घटना: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने विशेष दल को सिक्किम भेजने का निर्देश दिया

Newsसिक्किम सड़क दुर्घटना: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने विशेष दल को सिक्किम भेजने का निर्देश दिया

भुवनेश्वर, 30 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सिक्किम की तीस्ता नदी में गिरे पर्यटक वाहन में राज्य के कुछ लोगों के होने के मद्देनजर शुक्रवार को अधिकारियों को एक विशेष दल वहां भेजने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों यह जानकारी दी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि माझी ने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को फोन किया और पर्यटक वाहन में सवार ओडिशा के यात्रियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और चिकित्सा उपचार को लेकर चिंता जताई।

सूत्रों ने बताया कि माझी ने अधिकारियों से सिक्किम से ओडिशा के यात्रियों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करने को भी कहा है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में 11 पर्यटकों को ले जा रहे एक वाहन के तीस्ता नदी में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो घायल हो गए और आठ अन्य लापता हैं।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार रात लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास हुआ जब पर्यटकों का वाहन तीस्ता नदी में लगभग 1,000 फुट से नीचे जा गिरा।

ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुझे पता चला है कि सिक्किम में तीस्ता नदी में दुर्घटनाग्रस्त हुई पर्यटक बस में कई ओडिया यात्री भी सवार थे। भगवान जगन्नाथ इस कठिन समय का सामना करने के लिए परिवारों को शक्ति प्रदान करें। मैं दुर्घटना से प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भी सिक्किम में हुए सड़क हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने राज्य सरकार से लोगों को हरसंभव मदद देने का आग्रह किया।

इस बीच, सूत्रों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के महिला मोर्चा की सचिव इतिश्री जेना भी उन लोगों में शामिल हैं जो लापता हैं। जेना अपने परिवार के साथ ओडिशा के जाजपुर से यात्रा कर रही थीं, तभी यह दुखद दुर्घटना हुई।

स्थानीय पुलिस सूत्रों ने बताया कि उनके बेटे और भतीजे को बचा लिया गया है।

भाषा योगेश मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles