30.2 C
Jaipur
Tuesday, July 8, 2025

सचिन और पारुल को रजत, कुजूर सहित तीन खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीते

Newsसचिन और पारुल को रजत, कुजूर सहित तीन खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीते

गुमी (दक्षिण कोरिया), 31 मई (भाषा) पारुल चौधरी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरा रजत पदक जीता और भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव भी दूसरे स्थान पर रहे जबकि धावक अनिमेष कुजूर ने राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ते हुए कांस्य पदक जीता। इस तरह से 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन शनिवार को भारत का पदक अभियान जारी रहा।

विथ्या रामराज और पूजा ने भी अपनी-अपनी स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते।

इससे पहले 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीतने वाली पारूल चौधरी महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15 मिनट 15.33 सेकंड (15:15.33 सेकंड) का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में उभरते सितारे 25 वर्षीय यादव ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85.16 मीटर तक भाला फेंका। वह मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम से पीछे रहे, जिन्होंने 86.40 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता।

उत्तर प्रदेश में बागपत के निकट खेकड़ा गांव के एक किसान परिवार में जन्में यादव का इससे पहले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84.39 मीटर था।

इस स्पर्धा में भाग ले रहे भारत के एक अन्य खिलाड़ी यशवीर सिंह ने भी प्रभावित किया तथा 82.57 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया।

इससे पहले कुजूर ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 20.32 सेकंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए कांस्य पदक जीता।

इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने 20.40 सेकंड का अपना पिछला रिकॉर्ड बेहतर किया, जो उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में राष्ट्रीय फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था।

जापान के तोवा उजावा ने 20.12 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक, जबकि सऊदी अरब के अब्दुलअजीज अताफी (20.31 सेकंड) ने रजत पदक जीता।

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या ने भारत को दिन का दूसरा कांस्य पदक दिलाया। तमिलनाडु की 26 वर्षीय एथलीट ने 56.46 सेकंड का समय लेकर पोडियम स्थान हासिल किया।

चीन की मो जियादी ने 55.31 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि बहरीन की ओलुवाकेमी अडेकोया 55.32 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस दौड़ में भाग लेने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी अनु राघवन 57.46 सेकंड का समय लेकर सातवें स्थान पर रहीं।

पूजा ने भारत के लिए दिन का तीसरा कांस्य पदक जीता। उन्होंने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ 2:01.89 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ पूरी करके तीसरा स्थान हासिल किया।

महिलाओं की 200 मीटर की दौड़ में ज्योति याराजी 23.47 सेकंड के समय के साथ पांचवें जबकि नित्या गंधे 23.90 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहीं। याराजी ने इस सप्ताह की शुरुआत में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था।

भाषा पंत नमिता

नमिता

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles