30.2 C
Jaipur
Tuesday, July 8, 2025

ग्रैंड फिनाले में जो गाउन पहनूंगी वह दिव्यता और पवित्रता की प्रतीक गंगा को समर्पितः नंदिनी गुप्ता

Newsग्रैंड फिनाले में जो गाउन पहनूंगी वह दिव्यता और पवित्रता की प्रतीक गंगा को समर्पितः नंदिनी गुप्ता

हैदराबाद, 31 मई (भाषा) तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का निर्णायक चरण शनिवार को आयोजित किया जाएगा जिसमें ‘मिस इंडिया’ नंदिनी गुप्ता वियतनामी फैशन डिजाइन द्वारा तैयार गाउन पहनेंगी।

गुप्ता के मुताबिक भले उनके गाउन को वियतनामी फैशन डिजाइनर ने डिजाइन किया है, लेकिन यह गाउन गंगा नदी का प्रतीक है, जिसे लोग ईश्वरीय शक्ति की अभिव्यक्ति मानकर श्रद्धा से पूजते हैं।

गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह डिजाइन जल और प्रकाश की अलौकिक सुंदरता को नमन करता है। गंगा मात्र एक नदी नहीं है, बल्कि एक पवित्र चेतना है, जो शुद्धिकरण, पुनर्जन्म और स्वर्ग तथा पृथ्वी के बीच के दिव्य सेतु की प्रतीक है।’’

उन्होंने कहा कि डिजाइनर गुयेन टीएन ट्रूयेन ने दो सदैव गतिशील, सदैव बदलती शक्तियों, जल और प्रकाश की थीम को इस गाउन में सम्मिलित किया है।

गुप्ता ने पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रभात की धुंध से कोमल पारदर्शी वस्त्रों से निर्मित यह गाउन, जल-तरंगों सी बहती आकृतियों से सजा है, जो शरीर की बनावट को सहज सौंदर्य के साथ आलोकित करता है, मानो पानी स्पर्श करता हुआ बह रहा हो।’’

ट्रूयेन का जन्म 1993 में हुआ था और वह अपने भविष्यवादी संग्रह ‘फ्यूचर एशिया – वियतनाम’ के साथ प्रोजेक्ट रनवे वियतनाम 2015 जीतने के बाद लोकप्रिय हुए। तब से, वह वियतनाम के सबसे प्रसिद्ध युवा डिजाइनरों में से एक बन गए हैं।

गुप्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने भारतीय डिजाइनरों के बजाय ट्रूयेन को क्यों चुना।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles