मेरठ (उप्र), 31 मई (भाषा) गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मेरठ परिक्षेत्र में आने वाले चार जनपदों – मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और बागपत – के कुल 22 घाटों पर पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
इस पर्व पर करीब 14 से 15 लाख श्रद्धालुओं के स्नान के लिए एकत्र होने की संभावना है। पांच जून को गंगा दशहरा मनाया जाएगा।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि जनपद हापुड़ के ब्रजघाट पर भारी भीड़ जुटने की संभावना को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जनपद हापुड़ को मेरठ परिक्षेत्र से पांच पुलिस उपाधीक्षक, 20 निरीक्षक, 120 उपनिरीक्षक, 300 आरक्षी, 25 महिला उपनिरीक्षक, 110 महिला आरक्षी, 15 यातायात उपनिरीक्षक, 40 यातायात आरक्षी और दो कंपनियां पीएसी आवंटित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गंगा दशहरा पर मेरठ में चार, बुलंदशहर में 14, बागपत में एक और हापुड़ में तीन स्नान घाटों पर श्रद्धालु जुटेंगे।
परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने बताया कि पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी जिलों में कानून-व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी जनपदों में छह अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी, 79 निरीक्षक, 503 उपनिरीक्षक, 1,209 आरक्षी (जिसमें महिला बल शामिल), 160 होमगार्ड और दो पीएसी कंपनियों की तैनाती की गई है।
डीआईजी नैथानी ने बताया कि गंगा दशहरा पर्व को लेकर पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, नगर निगम, स्वास्थ्य व विद्युत विभाग और आयोजकों के साथ कुल 269 बैठकें आयोजित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि ‘गुंडा दमन दल’ को सक्रिय किया गया है जो जेबकतरों, चेन झपटमारों और अन्य संदिग्ध तत्वों पर नजर रखेगा।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक