आइजोल, 31 मई (भाषा) मिजोरम में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मकान ढहने से म्यांमा के तीन शरणार्थियों समेत चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मानसून में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में म्यांमा सीमा के पास वाफाई गांव में शनिवार तड़के हुए भीषण भूस्खलन में म्यांमा के एक परिवार के 34 से 71 वर्ष की आयु के तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी देश में सैन्य तख्तापलट के बाद 2021 से ही परिवार गांव में शरण लिए हुए था, घायल व्यक्ति को फरकॉन के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
राज्य की राजधानी आइजोल से लगभग 114 किलोमीटर दूर सेरछिप जिले में शनिवार को एक अलग घटना में भूस्खलन के कारण एक मकान ढह जाने से 53 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित ने सेरछिप जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
शुक्रवार को आइजोल के थुआम्पुई इलाके में एक मजदूर शिविर पर दीवार गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। मिजोरम में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुई हैं।
भाषा
जोहेब माधव
माधव