26.4 C
Jaipur
Saturday, July 5, 2025

महाराष्ट्र पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून

Newsमहाराष्ट्र पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून

मुंबई, 25 मई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र में पहुंच गया है और अगले तीन दिनों में इसके मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी।

आईएमडी ने कहा कि मानसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, संपूर्ण गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, तथा मिजोरम,मणिपुर और नगालैंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, हावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।

आईएमडी ने कहा, ‘‘मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ अन्य भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसके अलावा मानसून के अगले तीन दिनों के दौरान बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है।’’

महाराष्ट्र में तटीय कोंकण और मुंबई में पिछले दो दिनों से मानसून से पहले भारी बारिश हो रही है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार को केरल में दस्तक दी। वर्ष 2009 के बाद से ऐसा पहली बार है जब मानसून इतनी जल्दी केरल पहुंचा है। साल 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था।

सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून तक केरल में दस्तक देता है तथा आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। मानसून 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू कर देता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस लौट जाता है।

यह आमतौर पर सात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है।

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles