39.2 C
Jaipur
Monday, June 9, 2025

भगदड़ की घटना के मामले में पुलिस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के आदेश पर गिरफ्तारी की: वकील

Newsभगदड़ की घटना के मामले में पुलिस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के आदेश पर गिरफ्तारी की: वकील

बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) बेंगलुरु की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के अधिकारियों ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के आदेश पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विपणन एवं राजस्व प्रमुख निखिल सोसले को गिरफ्तार किया। सोसले के वकील ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय के समक्ष ये दावा किया।

अदालत सोसले द्वारा छह जून को उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

सोसले को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था, जब वह दुबई जा रहे थे। यह गिरफ्तारी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ की घटना के बाद दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर की गई थी। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी।

सोसले के वकील ने यह भी दलील दी कि उन्हें अशोक नगर पुलिस (जहां सोसले रहते हैं) या कबोन पार्क पुलिस (जिसके अधिकार क्षेत्र में स्टेडियम आता है) द्वारा गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि सीसीबी द्वारा गिरफ्तार किया गया था।

वकील ने कहा, ‘‘यह (सीसीबी) जांच का हिस्सा नहीं है, सिर्फ मुख्यमंत्री के कहने पर सीसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया है।’’

जब छह जून को याचिका सुनवाई के लिए आई तो न्यायमूर्ति एस आर कृष्ण कुमार ने सोसले को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था और मामले की सुनवाई नौ जून तक के लिए स्थगित कर दी थी।

आईपीएल के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत का जश्न मनाने के लिए चार जून को यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles