28.6 C
Jaipur
Saturday, August 16, 2025

उप्र : योगी ने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की 40 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया

Newsउप्र : योगी ने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की 40 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया

बहराइच, 10 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की 40 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

अधिकारियों के अनुसार, महाराजा सुहेलदेव की इस कांस्य प्रतिमा का वजन 17 टन है और यह 40 फुट ऊंची और 17 फुट चौड़ी है। इस प्रतिमा में महाराजा सुहेलदेव को घोड़े पर सवार एक हाथ में भाला और कंधे पर धनुष लिए युद्ध लड़ने की अवस्था में दर्शाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जिले के विधायक सुभाष त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘इसी चित्तौरा झील के तट पर लड़े गए युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने सालार मसूद को हराकर मार डाला था। इस झील के किनारे महाराजा सुहेलदेव की वीरता को दर्शाती एक भव्य प्रतिमा और स्मारक बनाया गया है। यह स्मारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा शुरू की गई हमारे पूर्वजों को सम्मान देने की परंपरा का एक बड़ा उदाहरण है।’

इस संबंध में बहराइच की जिलाधिकारी (डीएम) मोनिका रानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘चित्तौरा झील क्षेत्र को स्मारक के रूप में सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया गया है। स्मारक का निर्माण करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।’

उन्होंने कहा कि यहां पर्यटकों के ठहरने और सुंदर सुरम्य प्राकृतिक वातावरण में घूमने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं। यहां चार वीवीआईपी सुइट रूम, पर्यटकों के ठहरने के लिए छात्रावास, एक विशाल ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, खूबसूरत रास्ते, ओपन एयर स्टेज, हर्बल गार्डन, बच्चों का क्षेत्र, घास का फ़र्श और फव्वारा आदि बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि ‘परिसर में लगाई गयी महाराजा ‘सुहेलदेव मेमोरियल स्टेच्यू ऑफ महाराजा सुहेलदेव’ 82 से 85 प्रतिशत कांसा धातु से बनी है।’

भाषा

सं, आनन्द, रवि कांत

रवि कांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles