मुंबई, 12 जून (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना कोटे के कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन से हाथ मिलाना चाहिए। उनकी यह टिप्पणी राज ठाकरे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करने के बाद आई है।
फडणवीस ने सुबह एक आलीशान होटल में राज ठाकरे से मुलाकात की जिससे राज्य में निकाय चुनावों से पहले भाजपा और मनसे के बीच गठबंधन की अटकलों को बल मिला है।
यह मुलाकात दो चचेरे भाइयों राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच सुलह की अटकलों के बीच हुई है। उद्धव विपक्षी दल शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख हैं।
शिरसाट ने कहा, ‘‘राजनीति में कई ‘यू-टर्न’ देखने को मिलते हैं। राजनीति में कब क्या हो जाए, इसके बारे में कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। किसी पार्टी को मजबूत करने या उसका विस्तार करने के लिए ऐसे गठबंधन करने पड़ते हैं। हमने राज साहब को पहले भी प्रस्ताव (गठबंधन का) दिया था। वे नगर निकाय चुनाव बहुत अच्छी तरह लड़ सकते हैं। उन्हें हमारे (महायुति) साथ आना चाहिए और हमारा यही अनुरोध होगा।’’
सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, शिवसेना और राकांपा शामिल हैं। भाजपा की कटु आलोचक शिवसेना (उबाठा) ने फडणवीस-राज ठाकरे की मुलाकात पर सधी हुई प्रतिक्रिया दी।
शिवसेना (उबाठा) नेता किशोरी पेडनेकर ने कहा, ‘‘फडणवीस और राज ठाकरे के बीच बैठक किसी भी कारण से हो सकती है। दोनों पार्टियों (शिवसेना-उबाठा और मनसे) के 90 से 95 प्रतिशत कार्यकर्ताओं का मानना है कि (इन दोनों के बीच) गठबंधन होना चाहिए। बैठक पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।’’
भाषा संतोष नरेश
नरेश