मुल्की (कर्नाटक), 12 जून (भाषा) दक्षिण कन्नड़ जिले के मुल्की में संपत्ति को लेकर अपनी बुजुर्ग मां को प्रताड़ित करने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सैंड्रेला बंगेरा और अनीता अपनी 87 वर्षीय मां मनोरमा हेनरी को लगातार प्रताड़ित कर रही हैं और उन्होंने उनकी नौकरानी नीलम्मा पर भी अनेक बार हमला किया है।
उन्होंने बताया कि मनोरमा अपनी दो बेटियों के बीच अपनी संपत्ति का बंटवारा करने के बाद अपने हिस्से की संपत्ति में रह रही हैं और इसके बावजूद बेटियां उन्हें लगातार परेशान कर रही थीं जबकि स्थानीय चर्च के पदाधिकारियों ने भी उन्हें अपनी मां को परेशान न करने की सलाह दी है।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दो महिलाओं से मनोरमा और उनकी नौकरानी नीलम्मा की जान को खतरा है। मनोरमा मुल्की की पूर्व महिला कांग्रेस नेता हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा, इन्दु नोमान
नोमान