43.9 C
Jaipur
Friday, June 13, 2025

राजस्थान के 10 लोग भी सवार थे हादसे का शिकार हुए विमान में: अधिकारी

Newsराजस्थान के 10 लोग भी सवार थे हादसे का शिकार हुए विमान में: अधिकारी

जयपुर, 12 जून (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को हादसे का शिकार हुए विमान में राजस्थान के कम से कम 10 लोग भी सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें उदयपुर के चार और बांसवाड़ा के पांच लोग शामिल हैं।

लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार को गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 242 यात्री सवार थे और हादसे में कई लोग के हताहत होने की आशंका है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस विमान में सवार राजस्थान के यात्रियों में उदयपुर के संगमरमर कारोबारी संजीव मोदी के बेटे शुभ और बेटी शगुन भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि एमबीए स्नातक दोनों भाई-बहन अपने पिता के व्यवसाय से जुड़े थे और लंदन घूमने जा रहे थे।

जिला कलेक्टर नमित मेहता ने परिवार से मिलने और जानकारी जुटाने के लिए सहेली नगर स्थित उनके आवास का दौरा किया।

मेहता ने संवाददाताओं से कहा, ‘मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीड़ितों के परिवार से बात की है और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।’

दुर्घटना का शिकार हुए विमान में उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के रूंडेड़ा निवासी वरदीचंद मेनारिया भी सवार थे। वह हाल में लंदन से लौटे थे और अपने सहयोगी प्रकाश मेनारिया के साथ वापस जा रहे थे। दोनों ब्रिटेन में पाककला क्षेत्र में काम करते थे।

अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों में बाड़मेर जिले के अराबा (बालोतरा) की युवती खुशबू राजपुरोहित भी शामिल हैं।

हादसे के शिकार हुए विमान में बांसवाड़ा की डॉ. कौमी व्यास, डॉ. प्रतीक जोशी, मिराया जोशी और प्रद्युत जोशी, नकुल जोशी भी थे। इनमें प्रद्युत और नकुल जुड़वा भाई थे। कौमी व्यास एक निजी अस्पताल में कार्यरत थीं और अपने पति के साथ रहने के लिए लंदन जा रही थी।

अहमदाबाद में विमान हादसे के बाद राजस्थान भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रम और बैठकें स्थगित कर दी हैं।

प्रभारी मंत्रियों को आज से तीन दिन तक सभी जिलों का दौरा कर केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर प्रेस वार्ता करनी थी। अब विमान हादसे के बाद ये सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शुक्रवार को बांसवाड़ा में होने वाले कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया है।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित तमाम नेताओं ने अहमदाबाद विमान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

भाषा स. पृथ्वी नोमान

नोमान

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles