37.5 C
Jaipur
Saturday, June 14, 2025

“अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के दंपत्ति की भी मौत, परिवार में मातम”

Fast News"अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के दंपत्ति की भी मौत, परिवार में मातम"

आगरा (उप्र), 13 जून (भाषा) अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में आगरा का एक दंपत्ति भी शामिल है।

दुर्घटना के बाद आगरा से परिवार के सदस्य अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। मृतकों के परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।

नीरज के चचेरे भाई विनय लवानिया ने बताया कि विमान दुर्घटना में नीरज लवानिया (50) तथा उनकी पत्नी अपर्णा (49) की मृत्यु हो गई है।

नीरज लवानिया एक निजी कंपनी में काम करते थे तथा गुजरात के वडोदरा में कार्यरत थे। वह 1995 में आगरा से वहां चले गये थे। उनका पैतृक घर आगरा के अकोला कस्बे में है, जहां उनके बड़े भाई सतीश लवानिया रहते हैं।

इस बीच, सतीश लवानिया ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मीडिया में अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बारे में ‘ब्रेकिंग न्यूज’ आ रही थी। मैंने अपने भाई नीरज से दोपहर डेढ़ बजे बात की तथा उन्होंने मुझे बताया कि वह विमान से लंदन जा रहे थे। वह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।’’

सतीश अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।

नीरज के परिवार में एक बेटी है।

सतीश ने यह भी बताया कि उनकी भतीजी ‘डीएनए सैंपलिंग’ के लिए अहमदाबाद पहुंच गई है।

फतेहपुर सीकरी से लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने आगरा के अकोला शहर का दौरा किया था, जहां सतीश रहते हैं और उनके परिजनों को अहमदाबाद भेजने की व्यवस्था की। नीरज और उनकी पत्नी उड़ान में थे। उनकी सीट 26ए और 26बी थीं। ’’

हालांकि आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि उनके पास दो व्यक्तियों की मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से लंदन जाने वाले उसके विमान में सवार 241 लोगों की जान चली गयी। बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।

विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 168 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे।

भाषा सं मनीष जफर मनीषा राजकुमार

राजकुमार

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles