ठाणे, 13 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक ऑटो रिक्शा की टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हुए यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 11 जून को रात करीब 10 बजे पुलिस उपायुक्त (यातायात) पंकज शिरसाठ यहां ठाणे-घोड़बंदर रोड पर यातायात व्यवस्था बनाने के लिए ड्यूटी पर थे।
यहां एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जब पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शिरसाठ ड्यूटी पर थे, तभी तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उन्हें टक्कर मार दी। अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल शहर के वर्तकनगर स्थित एक अस्पताल ले जाया गया।’’
रिक्शा चालक घटनास्थल से भाग गया, लेकिन पुलिस ने जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
ठाणे पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा यासिर माधव
माधव