आजमगढ़, 13 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और पूर्व सांसद रमाकांत यादव और उनके परिजनों की 23 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति गिरोहबंद अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कुर्क कर ली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रमाकांत यादव पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर अपराध के जरिए स्वयं और परिजनों के नाम यह संपत्ति अर्जित की।
अधिकारियों के मुताबिक कथित बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के खिलाफ आज आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर जिले की पुलिस और प्रशासन ने कुर्की की एक बड़ी कार्रवाई की।
जिला प्रशासन ने अपराध जगत से अवैध तरीके से अर्जित 23 करोड़ 42 लाख 81 हज़ार 400 रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया। यादव जिले में एक जहरीली शराब कांड मामले में आरोपी है तथा फतेहगढ़ जेल में बंद हैं।
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में फरवरी 2022 में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हुई थी और कई लोग गंभीर रूप से बीमार हुए थे। इस मामले में आरोपी यादव को गिरफ्तार किया गया था और वह फतेहगढ़ जेल में बंद है।
प्रशासन ने विधायक यादव की संपत्तियों का विस्तार से ब्योरा दिया है।
भाषा
सं, आनन्द, रवि कांत
रवि कांत