33 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

बिहार : कैमूर में महिला कांस्टेबल को पुरूष सहकर्मी ने मारी गोली

Newsबिहार : कैमूर में महिला कांस्टेबल को पुरूष सहकर्मी ने मारी गोली

भभुआ, 15 जून (भाषा) बिहार के कैमूर जिले में रविवार को एक महिला कांस्टेबल को उसके पुरुष सहकर्मी ने कथित तौर पर गोली मार दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की पहचान सरिता कुमारी (28) के रूप में हुई है। आरोपी अजय पासवान भी कांस्टेबल है और फरार है। उन्होंने बताया कि दोनों रिश्तेदार हैं और सुपौल जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं।

पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, “घटना रविवार तड़के करीब 4.30 बजे कुदरा इलाके में हुई। पीड़िता अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी थी, तभी अजय पासवान ने उसे गोली मार दी। आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को नजदीकी अस्पताल ले गई।”

मोहनिया के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रदीप कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि महिला के बयान के आधार पर अजय पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घायल कांस्टेबल को बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी रेफर किया गया है।

कुमार ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि घटना के पीछे पैसे का विवाद हो सकता है। आगे की जांच जारी है और अजय पासवान को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।’’

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles