33 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

पुणे में इंद्रायणी नदी का पुल ढहने से दो लोगों की मौत, 32 अन्य घायल हुए: मुख्यमंत्री फडणवीस

Newsपुणे में इंद्रायणी नदी का पुल ढहने से दो लोगों की मौत, 32 अन्य घायल हुए: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई, 15 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि पुणे जिले में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर है।

उन्होंने कहा कि अब तक छह लोगों को बचा लिया गया है और कुछ लोगों के पानी में बह जाने के बाद युद्धस्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कुंदमाला इलाके में हुई, जहां अक्सर पिकनिक मनाने वाले लोग पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में भारी बारिश हो रही है, जिससे नदी का जलस्तर उफान पर है।

फडणवीस ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पुणे जिले के तालेगांव के पास इंदौरी में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढहने से हुई त्रासदी की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने संभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और संबंधित तहसीलदार से बात की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के बह जाने के बाद युद्ध स्तर पर तलाश शुरू कर दी गई है और मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य को तत्काल प्रभाव से तेज कर दिया गया है।

भाषा संतोष प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles