33 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

मान केवल ‘‘मुखौटा’’, पंजाब सरकार आप के ‘‘खारिज किए गए नेता’’ चला रहे हैं: दिल्ली की मुख्यमंत्री

Newsमान केवल ‘‘मुखौटा’’, पंजाब सरकार आप के ‘‘खारिज किए गए नेता’’ चला रहे हैं: दिल्ली की मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 15 जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को आरोप लगाया कि पंजाब में उनके समकक्ष भगवंत मान केवल ‘‘मुखौटा’’ हैं क्योंकि उनकी सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के वे नेता चला रहे हैं जिन्हें राष्ट्रीय राजधानी की जनता ने ‘‘खारिज’’ कर दिया है।

मुख्यमंत्री लुधियाना पश्चिम सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जीवन गुप्ता के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए लुधियाना में थीं।

इस दौरान गुप्ता ने संवाददाताओं से बातचीत में आप के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में नशे का खतरा व्याप्त है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि आप के शासन में ‘‘पंजाब को चिट्टा एक्सप्रेस में बदल दिया गया है’’।

गुप्ता ने कहा कि लुधियाना पश्चिम के लोग समझदारी से वोट करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार को विजयी बनाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के साथ साथ पंजाब के लोगों से ‘‘बड़े बड़े वादे’’ किए थे लेकिन अब वह उजागर हो चुके हैं। केजरीवाल आप के राष्ट्रीय संयोजक हैं।

गुप्ता ने कहा, ‘‘जो लोग बड़े-बड़े वादे करके दिल्ली से भाग गए थे वे अब पंजाब में बैठे हैं… मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि ‘क्या हुआ तेरा वादा’।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि उन वादों का क्या हुआ। मैं भगवंत मान से नहीं पूछूंगी, क्योंकि वह केवल एक ‘‘मुखौटा’’ हैं, यहां की सरकार दिल्ली से उनके नेताओं द्वारा चलाई जा रही है, जिन्हें वहां की जनता ने नकार दिया है।’’

गुप्ता ने आप से पूछा कि स्वास्थ्य ढांचे और स्कूलों में सुधार के उनके वादों का क्या हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने के आपके वादे का क्या हुआ? इतने साल में आपने क्या किया? पंजाब में नकली शराब पीने से लोगों की मौत हो गई, आप क्या कर रहे हैं? बिल्डर माफिया के साथ मिलकर आप गरीब किसानों की जमीन छीन रहे हैं। हर गली, हर स्कूल के बाहर ‘‘चिट्टा’’ (मादक पदार्थ) बिक रहा है। पंजाब को ‘‘चिट्टा एक्सप्रेस’’ में बदल दिया गया है।’’

गुप्ता ने केजरीवाल पर ‘‘आज झूठी पंजाबियत’’ दिखाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब आप एक दशक तक दिल्ली में सत्ता में थे तो केजरीवाल के मंत्रिमंडल में एक भी मंत्री सिख समुदाय से नहीं था। क्या आपको वे योग्य नहीं लगे? दिल्ली में सत्ता में रहते हुए आपने सिखों के लिए कभी कुछ नहीं किया।’’

गुप्ता ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया वास्तव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद शुरू हुई।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने हाल में 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के परिवारों को नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।

दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार में आप सिख समुदाय, पंजाबी समुदाय से एक मंत्री देखेंगे।

गुप्ता ने अपने हमले को तेज करते हुए कहा कि मान को शक्तिहीन बना दिया गया है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मुख्यमंत्री केवल विज्ञापनों में ही दिखते हैं, आपने उनके पास क्या छोड़ा है। पंजाब में पूरा प्रशासन दिल्ली के खारिज किए गए आप नेताओं चला रहे हैं। चाहे वह (मनीष) सिसोदिया हों, सत्येंद्र जैन हों, बिभव कुमार हों, राघव चड्ढा हों। इनमें से कौन पंजाब का मूल निवासी है? इनमें से कौन पंजाब की समस्याओं को जानता है? वे केवल सत्ता के भूखे हैं। वे दिल्ली में सत्ता खोते ही तुरंत पंजाब में आ पहुंचे।’’

गुप्ता ने कहा कि आप ने 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पूछा, ‘‘साढ़े तीन साल बीत गए, क्या उन्होंने एक रुपया दिया। केजरीवाल को जवाब देना चाहिए। उन्होंने किसानों को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) का वादा किया था। क्या उन्होंने दिया?’’

गुप्ता ने कहा, ‘‘जब आप सत्ता में आई, तो उन्होंने कहा कि वे वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) संस्कृति को खत्म कर देंगे और वे सत्ता के लिए नहीं बल्कि बदलाव के लिए यहां आए हैं। उन्होंने ऐसी बातें कही थीं।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन अब केजरीवाल का पूरा पिछला मंत्रिमंडल पंजाब में बैठा हुआ है। वे पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल वीआईपी संस्कृति का आनंद लेने के लिए कर रहे हैं। वे लोगों की गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में इस साल की शुरुआत में आप सत्ता गंवा बैठी और भाजपा ने सरकार का गठन किया लेकिन आप सुप्रीमो राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को भूल बैठे हैं।

आप ने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव के लिए उतारा है।

गुप्ता ने कहा कि उपचुनाव में अरोड़ा को मैदान में उतारकर केजरीवाल राज्यसभा में जाने का रास्ता साफ करना चाहते हैं।

जनवरी की शुरुआत में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद लुधियाना पश्चिम सीट खाली हो गई थी।

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles