33 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

ओडिशा: पुलिस ने विस्फोटक लूट मामले में मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया

Newsओडिशा: पुलिस ने विस्फोटक लूट मामले में मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया

राउरकेला, 15 जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने 27 मई को सुंदरगढ़ जिले में एक खदान के निकट एक वाहन से माओवादियों द्वारा पांच टन विस्फोटक लूटने की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान के. बालंग थानाक्षेत्र के बांको गांव में रहने वाले जॉर्ज मुंडा उर्फ ​​कुलु (43) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मुंडा माओवादियों को महत्वपूर्ण जानकारी दे रहा था।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (पश्चिमी रेंज) बृजेश राय ने बताया कि लूट की शुरुआत से ही वह मुख्य साजिशकर्ता था और सक्रिय रूप से माओवादियों को जानकारी दे रहा था।

राय ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को जॉर्ज की मिलीभगत का पता चला।

अधिकारी ने बताया कि कुलु खदान के ठीक सामने रहता था और उसे खदान पर आपत्ति थी।

खदान को बाद में बंद कर दिया गया।

उन्होंने बताया, “कुलु खदान के खिलाफ बहुत मुखर था और फिर उसने इस मुद्दे को माओवादियों के सामने उठाया। उसने कई बार माओवादियों से मुलाकात की और विस्फोटक लदे ट्रकों की आवाजाही के बारे में महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी दी।”

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ही विस्फोटकों से लदे वाहन की आवाजाही के बारे में जानकारी दी थी और सुनिश्चित किया था कि लूट बिना किसी समस्या के हो जाए।

हथियारों से लैस माओवादियों के एक समूह ने 27 मई को इटमा से बांको खदान के रास्ते में विस्फोटकों से लदी वैन को रोका और 200 पैकेट विस्फोटक लेकर भाग निकले।

राज्य पुलिस ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने राउरकेला में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

पुलिस के मुताबिक, अब तक 3.8 टन विस्फोटक बरामद किया गया है जबकि शेष विस्फोटक की तलाश अब भी जारी है।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles