32.8 C
Jaipur
Wednesday, August 27, 2025

एअर इंडिया एक्सप्रेस की गुवाहाटी-कोलकाता उड़ान में तकनीकी खामी, 18 घंटे की हुई देरी

Newsएअर इंडिया एक्सप्रेस की गुवाहाटी-कोलकाता उड़ान में तकनीकी खामी, 18 घंटे की हुई देरी

गुवाहाटी, 15 जून (भाषा) गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि ‘तकनीकी खराबी’ के कारण उन्हें दो बार विमान से उतार दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आखिरकार 18 घंटे से अधिक समय की देरी के बाद रविवार दोपहर को यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1226 कुल 170 यात्रियों को लेकर शनिवार रात 9.20 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई अंतरराष्ट्रीय (एलजीबीआई) हवाई अड्डे से रवाना होने वाली थी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक पीड़ित यात्री ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण आधी रात के बाद उड़ान में देरी हुई और यात्री पूरे समय विमान के अंदर ही बैठे रहे।

सोशल मीडिया पर उड़ान में देरी के कई ऐसे वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि उड़ान में देरी के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

‘पीटीआई-भाषा’ हालांकि, स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका।

एक वीडियो में एक यात्री कहता हुआ सुनाई दे रहा है, ‘‘ रात करीब 1:30 बजे हमें विमान से उतरने के लिए कहा गया और लाउंज में ले जाया गया। वहां से हमें रात में ठहरने के लिए एक बहुत सस्ते होटल में ले जाया गया। होटल में सुबह हमें नाश्ता नहीं दिया गया।’’

यात्रियों को रविवार की सुबह वापस हवाई अड्डे पर लाया गया और सुबह 9:30 बजे उसी विमान में बैठाया गया। हालांकि, उन्हें फिर से कप्तान और चालक दल द्वारा सूचित किया गया कि उसी तकनीकी समस्या के कारण उड़ान में और देरी हो रही है।

कुछ समय बाद यात्रियों को फिर से विमान से उतार दिया गया और स्थानीय एअर इंडिया एक्सप्रेस अधिकारियों ने बताया कि एक दूसरा विमान उन्हें कोलकाता ले जाएगा।

अंतत: यात्रियों को अपराह्न 3:34 बजे गुवाहाटी से एक अलग विमान से रवाना किया गया। कुल 170 यात्रियों में से कुछ ने एअर इंडिया एक्सप्रेस की पेशकश के अनुसार, दूसरी विमानन कंपनियों का विकल्प चुना।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गुवाहाटी-कोलकाता मार्ग पर शाम की उड़ान में तकनीकी समस्या आ गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘अगले दिन एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, जिसके परिणामस्वरूप देरी हुई। यात्रियों को होटल में ठहराने, निःशुल्क यात्रा समय के पुनर्निर्धारण या पूर्ण धन-वापसी के साथ रद्दीकरण के विकल्प दिये गए थे।’’

विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने यात्रियों द्वारा ‘सस्ते होटल’ में ठहराने के संबंध में लगाए गए आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यात्रियों को सर्वोत्तम उपलब्ध होटल की पेशकश की गई थी और एअर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मी भी उसी होटल में ठहरे थे।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles