24.1 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

“अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना: चार दिन में 87 शवों की पहचान, पूर्व CM विजय रूपाणी भी शामिल”

Fast News"अहमदाबाद एयर इंडिया दुर्घटना: चार दिन में 87 शवों की पहचान, पूर्व CM विजय रूपाणी भी शामिल"

अहमदाबाद, 16 जून (भाषा) अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान की भीषण दुर्घटना के चार दिन बाद, अब तक डीएनए मिलान के माध्यम से 87 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई।

अस्पताल अधिकारियों ने मृतकों में शामिल गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान भी रविवार को डीएनए जांच से कर ली और उनके शव को सोमवार को उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा।

अधिकारी मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए परीक्षण कर रहे हैं क्योंकि 12 जून को विमान दुर्घटना में कई लोग इतनी बुरी तरह जल गए थे कि उनके शव पहचाने नहीं जा सके।

अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ रजनीश पटेल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘अब तक, 87 डीएनए नमूनों का मिलान किया गया है, और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। ये मृतक गुजरात के विभिन्न हिस्सों, जैसे भरूच, आनंद, जूनागढ़, भावनगर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली और अहमदाबाद जिलों के रहने वाले थे।’’

उन्होंने बताया कि नौ मृतकों के परिवार वाले अवशेषों को प्राप्त करने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं आठ अन्य मृतकों के परिजन कुछ घंटे में पहुंच जाएंगे।

गत बृहस्पतिवार को दोपहर 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लंदन जाने वाले इस विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया।

दुर्घटना में 29 अन्य लोगों के मारे जाने की भी खबर है, जिनमें पांच एमबीबीएस छात्र शामिल थे।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles