कोहिमा, 16 जून (भाषा) सेवानिवृत्त न्यायाधीश नीनो इरालू ने सोमवार को नगालैंड के नए लोकायुक्त के रूप में शपथ ली।
इरालू राज्य की तीसरी लोकायुक्त हैं और उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्य सचिव बानुओ जेड जमीर का स्थान लिया है, जिन्हें दिसंबर 2022 में इस पद पर नियुक्त किया गया था।
जमीर ने फरवरी 2021 में राज्य के पहले लोकायुक्त न्यायमूर्ति उमा नाथ सिंह के इस्तीफे के बाद पद संभाला था। सिंह के इस्तीफे के बाद यह पद लंबे समय तक खाली रहा था। अंतरिम अवधि के दौरान उप-लोकायुक्त मयांग लीमा ने जिम्मेदारियों को संभाला था।
नीनो इरालू को पद की शपथ मुख्य सचिव जे. आलम ने दिलाई, जबकि गृह आयुक्त अनूप खिंची ने कार्यवाही शुरू की।
कोहिमा में नागरिक सचिवालय के सम्मेलन हॉल में आयोजित समारोह में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, लोकायुक्त के कर्मचारी और इरालू के परिवार के सदस्य शामिल हुए।
इरालू एक सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। उनकी नियुक्ति राज्यपाल द्वारा नगालैंड लोकायुक्त अधिनियम, 2017 के तहत गठित चयन समिति की सिफारिश पर की गई थी।
भाषा
सुरभि रंजन
रंजन