23.1 C
Jaipur
Tuesday, June 17, 2025

टैगोर हाउस में तोड़फोड़ के खिलाफ भाजपा ने कोलकाता में बांग्लादेश के उप उच्चायोग तक मार्च निकाला

Newsटैगोर हाउस में तोड़फोड़ के खिलाफ भाजपा ने कोलकाता में बांग्लादेश के उप उच्चायोग तक मार्च निकाला

कोलकाता, 16 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने पड़ोसी देश में नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर में हाल ही में हुई तोड़फोड़ की निंदा करते हुए सोमवार को कोलकाता में बांग्लादेश के उप उच्चायोग तक विशाल विरोध मार्च निकाला।

सैकड़ों भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध रैली में भाग लिया, पार्टी के झंडे लहराए और पड़ोसी देश की अंतरिम सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण रवींद्र कचहरीबाड़ी (जो अब एक संग्रहालय है) की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने दक्षिण कोलकाता में बेकबागान के पास स्थित बांग्लादेश उप उच्चायोग तक विरोध मार्च का नेतृत्व किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह हमला ‘कट्टरपंथी समूहों द्वारा पूर्व नियोजित कृत्य’ था जिसका उद्देश्य साझा सांस्कृतिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाना और भारत तथा बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक संबंधों को कमजोर करना था।

रैली के दौरान राज्य भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर में तोड़फोड़ हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत पर हमला है। हम इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बांग्लादेशी प्रशासन से जवाबदेही की मांग करते हैं।’’

हालांकि, कोलकाता पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप उच्चायोग के पास बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को एक निश्चित स्थान से आगे बढ़ने से रोक दिया।

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles