(फोटो सहित)
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने पर इसे ‘‘भारत के लिए गौरव का क्षण’’ बताया और कहा कि देश के इतिहास में किसी अन्य प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर उनके जितना ‘‘निर्णायक प्रभाव’’ नहीं डाला है।
यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व और योगदान के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया।
यादव ने कहा कि यह 23वां ऐसा अंतरराष्ट्रीय सम्मान है जो मोदी को अब तक विभिन्न देशों से मिला है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए खुशी और गर्व का क्षण है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 23वां ऐसा सम्मान मिला है। यह निश्चित रूप से भारत के लिए भी गर्व की बात है।’’
बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यादव ने लिखा, ‘‘यह सम्मान भारत की आर्थिक ताकत के उदय और वैश्विक समुदाय में कूटनीतिक दृढ़ता का प्रमाण है।’’
मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की सराहना करते हुए भाजपा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर श्री नरेन्द्र मोदी जितना निर्णायक प्रभाव नहीं डाला है।’’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत और साइप्रस के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और समान आकांक्षाओं पर आधारित स्थायी मित्रता को दर्शाता है।
गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी को इस बात पर बहुत गर्व है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान, ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया गया है।’’
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि साइप्रस द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान करना ‘‘भारत और उसके लोगों के लिए बहुत गर्व और खुशी की बात है।’’
प्रधान ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह सम्मान कुशल राजनेता के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की क्षमता और ‘विश्व-बंधु’ के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की एक और मान्यता है। दिल को छू लेने वाला यह भाव प्रदर्शन भारत-साइप्रस मित्रता को और गहरा करेगा।’’
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए उन्हें एक ऐसा नेता बताया जिनका विश्व में सम्मान है। उन्होंने कहा कि साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान कुशल राजनेता के रूप में मोदी की क्षमता और महाद्वीपों में भारत के बढ़ते राजनयिक कद की स्वीकार्यता है।
रीजीजू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक ऐसा नेता जिनका विश्व में सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया…। यह कुशल राजनेता के रूप में उनकी क्षमता और महाद्वीपों में भारत के बढ़ती राजनयिक कद को मिली एक मान्यता है।’’
भाजपा सांसद और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने भी इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व और विश्व मंच पर उनके बढ़ते कद को एक और वैश्विक मान्यता है।’’
भाजपा ने कहा कि यह क्षण केवल एक नेता की कहानी नहीं है, यह आर्थिक ताकत, रणनीतिक दूरदर्शिता और साहसिक, बेबाक विदेश नीति से प्रेरित भारत का उदय है।
पार्टी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह इस बात की अभिव्यक्ति है कि जब 140 करोड़ नागरिक मजबूत, दूरदर्शी नेतृत्व में अपना भरोसा रखते हैं तो क्या संभव होता है।’’
पार्टी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की कूटनीति ने झिझक को तोड़ा है और स्पष्टता को अपनाया है… पहली बार, भारत दृढ़ता, निडरता और राष्ट्रीय हित पर केंद्रित एक स्वर में बोलता है।’’
भाषा सुरभि माधव अविनाश
अविनाश