मुंबई, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ‘राजनीतिक पीलिया’ से पीड़ित प्रतीत होते हैं, क्योंकि उन्हें हर चीज में खामियां नजर आती हैं।
उन्होंने कहा कि उचित समय पर उन्हें सही ‘दवा’ दी जाएगी।
पाटिल ने रविवार को सांगली में मोदी सरकार द्वारा पिछले 11 वर्षों में किए गए विकास कार्यों पर एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बात की।
भाजपा नेता ने मराठी मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘संजय राउत को हर चीज पीली नजर आती है। जब किसी को पीलिया होता है, तो उसे हर चीज पीली नजर आती है। ऐसा लगता है कि वह राजनीतिक पीलिया से पीड़ित हैं, क्योंकि उन्हें हर चीज में खामियां नजर आती हैं। मुझे दवा पता है और मैं उन्हें सही समय पर वह दवा दूंगा।’
भाजपा की सांगली शहर इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के स्थानीय नेताओं ने भाग लिया।
पाटिल ने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोदी ने 26 वर्षों तक (15 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 11 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में) शीर्ष पद पर रहकर एक दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है, जिसकी विश्व स्तर पर कोई तुलना नहीं है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश