23.1 C
Jaipur
Tuesday, June 17, 2025

सभी को योग दिवस को सफल बनाना चाहिए: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

Newsसभी को योग दिवस को सफल बनाना चाहिए: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

(फाइल फोटो सहित)

विशाखापत्तनम, 16 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के सभी लोगों से 21 जून को विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए काम करने का सोमवार को आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो आंध्र विश्वविद्यालय कालीमाता मंदिर से पार्क होटल जंक्शन तक मुख्य समारोह के लिए अतिरिक्त स्थल के रूप में काम करेगा।

नायडू ने विशाखापत्तनम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सभी को इस कार्यक्रम (योग दिवस) की शानदार सफलता के लिए प्रयास करना चाहिए, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुझावों के आधार पर आंध्र में आयोजित किया जा रहा है।’’

नायडू के अनुसार, मोदी ने सुझाव दिया कि यदि इस वर्ष आंध्र प्रदेश में योग दिवस मनाया जाए तो यह अच्छा होगा, जिस पर मुख्यमंत्री ने उनसे वादा किया कि राज्य इस आयोजन को सफल बनाएगा।

नायडू ने योग दिवस पर योग को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए घोषणा करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि योग की शुरुआत कक्षा नौ से होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आर के बीच के पास नौसेना के 11 जहाजों पर योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शौचालय और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के अलावा प्रशिक्षक और डॉक्टर उपलब्ध होंगे और प्रतिभागियों के लिए पांच लाख टी-शर्ट वितरित की जाएंगी।

आंध्र प्रदेश ने यहां मुख्य कार्यक्रम के अलावा पूरे राज्य में योग गतिविधियों में दो करोड़ प्रतिभागियों को शामिल कर कई रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली सरकार का लक्ष्य राज्य भर में एक लाख केंद्रों में योग सत्र आयोजित करना और विशाखापत्तनम में योग गतिविधियों में भाग लेने के लिए पांच लाख लोगों को आकर्षित करना है।

इससे पहले, नायडू ने कहा कि उनकी सरकार 21 जून को ‘सबसे बड़े योग सत्र’ के साथ रिकॉर्ड तोड़ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित करने का लक्ष्य रख रही है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles