नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सरोजिनी नगर मार्केट में नौ वर्षीय एक लड़के को कथित तौर पर थप्पड़ मारा गया, अपमानित किया गया और उसके साथ गाली-गलौज की गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नेपाली लड़के के साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लड़के को बेल्ट से पकड़े हुए है और दूसरा उसकी पैंट में पानी डाल रहा है। लड़का रो और गिड़गिड़ा रहा है, लेकिन उसे गालियां दी जा रही हैं और थप्पड़ मारे जा रहे हैं, यहां तक कि उसके बालों पर लिक्विड साबुन छिड़का जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा, ‘उनमें से एक व्यक्ति लड़के को अपने हाथ और बेल्ट से पकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा उसके पैंट में पानी डाल रहा है।’
गोयल ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति को लड़के को पैर से धक्का देते और गाली देते हुए देखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित तीसरी कक्षा का छात्र है और नेपाल का रहने वाला है। उसकी मां सरोजिनी नगर मार्केट इलाके में रसोइया का काम करती है।
डीसीपी ने बताया कि कथित वीडियो में बच्चे को (जिसकी बाद में पहचान नौ वर्षीय लड़के के रूप में हुई) तीन लोग थप्पड़ मारते, गाली देते, धमकाते और अपमानित करते हुए दिखायी दे रहे हैं।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सरोजिनी नगर मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले पंकज (35) व उसकी दुकान पर सहायक के तौर पर काम करने वाले प्रदीप कुमार (29) और विशाल (30) को हिरासत में लिया गया है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप