ठाणे, 17 जून (भाषा) नवी मुंबई के वाशी इलाके में नगर निगम द्वारा संचालित एक अस्पताल में संविदा कर्मचारी को रिश्वत लेने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोप है कि कर्मचारी ने एक मृत महिला का पोस्टमार्टम होने के बाद उसके शव को कपड़े में लपेटकर सौंपने के लिए परिजनों से 2,000 की मांग की थी।
यह घटना वाशी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका के अस्पताल में हुई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश म्हात्रे ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ’32 वर्षीय संविदा कर्मचारी अस्पताल के शवगृह में ड्यूटी पर तैनात था। वायरल वीडियो में उसे 27 वर्षीय एक महिला के शव को कपड़े में लपेटकर परिजनों को सौंपने के लिए एक परिवार से 2,000 रुपये की मांग करते देखा जा सकता है। शव का पोस्टमार्टम किया गया था। परिवार कानपुर का रहने वाला है।’
उन्होंने कहा, ‘वीडियो सामने आने के बाद निगम ने ठेकेदार को कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसके बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।’
इस बीच, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भाषा योगेश रंजन
रंजन