27.3 C
Jaipur
Wednesday, June 18, 2025

विमान हादसा : डीएनए मिलान से 163 मृतकों की पहचान हुई, 124 शव परिजन को सौंपे गए

Newsविमान हादसा : डीएनए मिलान से 163 मृतकों की पहचान हुई, 124 शव परिजन को सौंपे गए

अहमदाबाद, 17 जून (भाषा) अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पांच दिन बाद, अब तक डीएनए मिलान के जरिये 163 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 124 शव परिजन को सौंप दिये गए हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

मृतकों की पहचान करने के लिए अधिकारी डीएनए जांच कर रहे हैं, क्योंकि 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में कई शव इतने बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं की जा सकती।

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा, ‘‘अभी तक 163 डीएनए नमूनों का मिलान कर लिया गया है और 124 शव संबंधित परिवारों को सौंप दिए गए हैं। बाकी शव जल्द ही (पहचान के बाद) सौंप दिये जाएंगे।’’

जोशी ने बताया कि दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती 71 घायलों में से नौ का उपचार जारी है, जबकि दो की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि सिविल अस्पताल से संबद्ध बीजे मेडिकल कॉलेज के दो और एमबीबीएस छात्र दुर्घटना में मारे गए हैं।

जोशी ने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि दुर्घटना में बीजेएमसी के केवल चार छात्र मारे गए थे और इस संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जो दो डॉक्टर मारे गए, उनमें से एक विमान में सवार था जबकि दूसरा सूरत का था और अपनी बहन से मिलने छात्रावास आया था, जिसने एक रेजिडेंट डॉक्टर से शादी की थी।’’

जोशी ने इससे पहले उम्मीद जतायी थी कि सभी पीड़ितों के डीएनए मिलान की प्रक्रिया मंगलवार शाम या बुधवार सुबह तक पूरी हो जाएगी।

गत बृहस्पतिवार को अपराह्न 1.39 बजे अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लंदन जा रहे इस विमान में सवार 242 लोगों में केवल एक यात्री जीवित बचा था।

इसके अलावा, दुर्घटना स्थल पर 29 अन्य लोग भी मारे गए थे।

भाषा अमित रंजन

रंजन

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles